एनएसएस इकाई ने गोद लिए गांव में चलाया स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
एनएसएस इकाई ने गोद लिए गांव में चलाया स्वच्छता अभियान


मंडी, 17 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय निहरी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोद लिए गए गांव निहरी में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान महाविद्यालय के प्राचार्य शशि कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. करम सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अभियान में एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की।

इस दौरान स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए ग्रामीणों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य शशि कुमार ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डॉ. लीलाधर एवं प्रो. कविता ठाकुर ने भी अपनी उपस्थिति एवं सहभागिता से स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. करम सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्वयंसेवियों से स्वच्छता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। स्वयंसेवियों ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story