स्कूल ऑफ नेशनल प्लानिंग के प्रशिक्षुओं ने किया हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी का भ्रमण
मंडी, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंर्तगत राष्ट्रीय महत्व के संस्थान स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के वास्तु संरक्षण विभाग के एम आर्क आर्किटेक्चरल कंजर्वेशन के विद्यार्थी हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी परिसर बैहना मलोरी पहुंचे। ये विद्यार्थी इन दिनों मंडी के समृद्ध सांस्कृतिक परिदृश्य के संरक्षण एवं प्रबंधन पर व्यापक क्षेत्रीय अध्ययन कर रहे हैं। 26 अगस्त से चल रहा उनका यह अध्ययन भ्रमण 9 सितंबर तक जारी रहेगा।
संस्थान के वास्तु संरक्षण विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रभारी संजय भंडारी व संस्थान के विशेषज्ञों के नेतृत्व में इन विद्यार्थियों ने फोटो गैलरी में कंजरविंग एंड सेफगार्डिंग दी कल्चर लैंडस्केप आफ मंडी, एक कम्युनिटी सेंटरड अपरोच टू संस्टेनबिलिटी एंड रेजीलेंस विषय पर आधारित अध्ययन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। फोटो गैलरी के संस्थापक बीरबल शर्मा ने इन विद्यार्थियों को मंडी की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक बस्तिया, मंदिर वास्तुकला, स्थानीय परंपराओं तथा समुदाय द्वारा संरक्षित पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के बारे में विस्तार से उपलब्ध छायाचित्रों, पुस्तकों व संग्रहालय के संग्रह के माध्यम से बताया ।
विद्यार्थियों ने मंडी के ऐतिहासिक विकास और उसके बदलते स्वरूप को विस्तार से जाना। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व मुख्य वास्तुकार आर्किटेक्ट नंद लाल चंदेल,लोक निर्माण विभाग में कार्यरत वास्तुकार विजय ठाकुर भी इस मौके पर मौजूद रहे तथा उन्होंने भी विद्यार्थियों को बहुमूल्य जानकारी उपलब्ध करवाई। संजय भंडारी ने बताया कि यह अध्ययन विशेष तौर पर हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक नाजुकता, पारिस्थितिक संवेदनशीलता तथा समृद्ध प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता के संदर्भ में किया जा रहा है। तेजी से बदलते शहरी स्वरूप, पर्यटन के बढ़ते दबाव और प्राकृतिक खतरों के बीच मंडी की विशिष्ट पहचान को सुरक्षित रखने में स्थानीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी में इन विद्यार्थियों ने कई घंटे तक अध्ययन करके जानकारी जुटाई। इनका कहना था कि उन्हें यहां पर कई ऐसी जानकारियों उपलब्ध हो गई हैं जो उनके अध्ययन के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने इस फोटो गैलरी संग्रहालय को अद्भुत करार दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

