बकरीद से पहले नाहन में स्वच्छता और संयम की अपील, कुर्बानी की फोटो न लेने का अनुरोध

WhatsApp Channel Join Now
बकरीद से पहले नाहन में स्वच्छता और संयम की अपील, कुर्बानी की फोटो न लेने का अनुरोध


बकरीद से पहले नाहन में स्वच्छता और संयम की अपील, कुर्बानी की फोटो न लेने का अनुरोध


नाहन, 27 मई (हि.स.)। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर देशभर में तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच अन्जुमन इस्लामिया ने नाहन के मुस्लिम समुदाय से त्योहार को स्वच्छता और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। संगठन ने लोगों से कुर्बानी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने तथा जानवरों के अवशेष खुले में न फेंकने का अनुरोध किया है।

अन्जुमन इस्लामिया के सदर बॉबी एहमद ने बताया कि बकरीद की नमाज शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे शमशेर गंज मस्जिद में अदा की जाएगी। इसके अलावा सुबह आठ बजे नगर परिषद मैदान नाहन में सामूहिक ईद की नमाज भी आयोजित होगी।

उन्होंने लोगों से कहा कि ईद के दौरान कुर्बानी से जुड़ी तस्वीरें न लें और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें। साथ ही उन्होंने अपील की कि बकरे के मांस, हड्डियां और अन्य अवशेष गलियों या खुले स्थानों पर न फेंके जाएं, ताकि शहर में गंदगी न फैले और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बॉबी एहमद ने कहा कि कुर्बानी के बाद बकरे की खाल को जामा मस्जिद में नियुक्त किए गए साई के पास सौ रुपये के साथ जमा कराया जाए, ताकि उसका सही तरीके से निपटारा किया जा सके। उन्होंने कहा कि ईद खुशियों और भाईचारे का त्योहार है और इसे शांति, सफाई और जिम्मेदारी के साथ मनाया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story