बच्चों के लिए चीटा, चरस और शराब से भी घातक है मोबाइल का नशा: सुमन ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों के लिए चीटा, चरस और शराब से भी घातक है मोबाइल का नशा: सुमन ठाकुर


मंडी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी शहर के पैलेस कॉलोनी स्थित सेम्फोर्ड लिटिल स्टार स्कूल में कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा नशे की रोकथाम को लेकर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर निधि गुप्ता ने मेयर सुमन ठाकुर का स्कूल का सहयोग करने के लिए आभार जताया।

उन्होंने बताया कि स्कूल के अध्यापकों ने बच्चों को नशे के खिलाफ भाषण और कविताएं तैयार करवाई, इसके लिए उन्होंने अध्यापकों की सराहना भी की। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नशे के दुष्प्रभाव को लेकर कविता व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें अनन्या ने प्रथम, लावण्या ने द्वितीय और बार्बी गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अपने संबोधन में सुमन ठाकुर ने कहा कि चीटा, चरस और शराब के नशे से भी घातक मोबाइल का नशा है, जो आज नन्हे बच्चों के दिमाग पर छा गया है। इसे रोकना बहुत जरूरी है, नहीं तो आने वाले समय में इसके गंभीर दुष्परिणाम हो सकते हैं।

सुमन ठाकुर ने बच्चों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया और कल्याणी संस्था द्वारा आयोजित इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की।

उन्होंने नशे के खिलाफ चलाई जा रही इस मुहिम में शामिल होने के लिए सेम्फोर्ड लिटिल स्टार स्कूल का नगर निगम की ओर से धन्यवाद भी किया। स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र राणा ने मेयर सुमन ठाकुर, कल्याणी सामाजिक संस्था के सदस्यों, स्कूल के अध्यापकों और बच्चों का सफल आयोजन करने के लिए हार्दिक धन्यवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story