पांवटा के मुख्य बाजार में भाजपा का जनसंपर्क अभियान, व्यापारियों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 18 जून (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत पांवटा साहिब के मुख्य बाजार में कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों, दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और आम लोगों से संपर्क किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी लोगों को दी।

कार्यकर्ताओं ने लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत ढांचे के विकास, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत अभियान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा देशहित में किए गए कार्यों को भी जनता के समक्ष रखा गया।

भाजपा नेताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए कई वादे और गारंटियां अभी तक पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और अन्य चुनावी घोषणाओं को लेकर जनता में निराशा है।

मुख्य बाजार में आयोजित इस अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। पार्टी नेताओं का कहना था कि प्रदेश सरकार की अधूरी गारंटियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आम लोगों में असंतोष दिखाई दे रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी यह जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story