नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने बनाया डिज़ाइन ऊर्जा का नया रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने बनाया डिज़ाइन ऊर्जा का नया रिकॉर्ड


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना, एसजेवीएन का नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने अपने डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। शनिवार को एनजेएचपीएस ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की है। यह स्टेशन की अब तक की दूसरी सबसे तेज डिज़ाइन ऊर्जा का कीर्तिमान है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1 दिसंबर, 2024 को हासिल किया गया था।

एनजेएचपीएस का सबसे तेज़ डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन अब तक 19 नवंबर, 2011 को वार्षिक सर्वोच्च उत्पादन के दौरान दर्ज किया गया था। इस वर्ष की उपलब्धि मात्र आठ महीनों में हासिल की गई है, जबकि वित्त वर्ष 2025–26 के चार महीने अभी शेष हैं। यह संकेत देता है कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन अपनी तकनीकी क्षमता, संचालन प्रणाली और कार्यकुशलता का अधिकतम लाभ उठाकर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की और कहा कि भविष्य में भी इसी तरह की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट परिणाम की निरंतरता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि संगठन नई-नई उपलब्धियाँ हासिल करता रहे।

एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) श्री अजय कुमार शर्मा ने भी इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संगठन की सामूहिक क्षमता, सुविचारित रणनीतियों और टीमवर्क का परिणाम है।

परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस राजीव कपूर ने इस ऐतिहासिक कीर्तिमान में मार्गदर्शन, सहयोग और समर्थन देने के लिए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, निदेशक (कार्मिक), भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय, सीईए, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा शिमला और किन्नौर के स्थानीय प्रशासन का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामंजस्यपूर्ण प्रयास का नतीजा है। कपूर ने विशेष रूप से ओएंडएम, पावर हाउस और नाथपा टीम के योगदान की सराहना की, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story