राजेंद्र राणा के बयानों पर निशा कटोच का पलटवार

WhatsApp Channel Join Now
राजेंद्र राणा के बयानों पर निशा कटोच का पलटवार


हमीरपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के बयानों पर पलटवार करते हुए जिला कांग्रेस महासचिव निशा कटोच ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा और भाजपा नेता कांग्रेस की चिंता छोड़कर अपनी नीतियों और काम का हिसाब जनता के सामने रखें।

निशा कटोच ने कहा कि कांग्रेस कोई कमजोर डोर नहीं, बल्कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला मजबूत संगठन है। कांग्रेस को कमजोर बताना भाजपा का मनगढ़ंत और खोखला राजनीतिक पैंतरा है, जिसका धरातल से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक चट्टान की तरह मजबूत है और पार्टी के भीतर होने वाली स्वस्थ एवं लोकतांत्रिक चर्चाओं को बिखराव या गुटबाजी का नाम देना भाजपा नेताओं की बौखलाहट और संकीर्ण सोच को दर्शाता है।

उन्होंने भाजपा नेतृत्व से सवाल करते हुए कहा कि दूसरों की थाली में झांकने से पहले भाजपा नेता जनता को बताएं कि हिमाचल के बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं, किसानों और बागवानों के लिए उनके पास क्या विजन और ठोस योजना है।

निशा कटोच ने कहा कि सरकार की नीतियों की आलोचना करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिमाचल की आर्थिक स्थिति और कर्ज जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर जनता को गुमराह करना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है।

2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा नेताओं के दावों पर निशा कटोच ने कहा कि भाजपा नेता भविष्यवक्ता बनने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता ही अंतिम फैसला करेगी।

उन्होंने भाजपा नेताओं से हवा-हवाई बयानबाजी छोड़कर धरातल पर आने और जनता के सामने अपना काम, एजेंडा तथा ठोस विकल्प रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता ही अपना जनादेश देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story