आईटीआई मंडी में निर्वाचन साक्षरता पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई मंडी में निर्वाचन साक्षरता पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित


मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए) मंडी में 33-मंडी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता शिक्षा विषय पर निबंध लेखन तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 22 शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया, जिनमें छह वरिष्ठ महाविद्यालय एवं अन्य संस्थान तथा 16 राजकीय एवं निजी विद्यालय शामिल रहे।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में 42 और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 41 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 83 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा एवं निर्वाचन संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में सदर मंडी के एसडीएम चंद्र प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि सदर मंडी निर्वाचन कार्यालय की प्रभारी नीलम ने प्रतियोगिता समन्वयक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को अपने मताधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना, मतदाता शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम चंद्र प्रकाश ने सभी 83 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story