सात साल सेवा पूरी करने वाले एनएचएम कर्मचारियों का बढ़ेगा वेतन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 20 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत सात साल की लगातार सेवा पूरी कर चुके अनुबंध कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो गया है। एनएचएम ने कर्मचारियों के वेतन ढांचे में बदलाव करते हुए नई आधार वेतन व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इस व्यवस्था का लाभ एक अप्रैल 2026 से मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत सात साल की लगातार सेवा पूरी कर चुके अनुबंध कर्मचारियों का वेतन नई निर्धारित आधार वेतन दर के अनुसार तय किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों की वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि भी दी जाएगी। यह वृद्धि सात साल की सेवा पूरी करने के बाद की गई लगातार सेवा के वर्षों के आधार पर तीन प्रतिशत की दर से तय होगी।

एनएचएम के आदेश के अनुसार जिन कर्मचारियों ने अभी सात साल की लगातार सेवा पूरी नहीं की है और जो नई आधार वेतन व्यवस्था के लिए पात्र नहीं हैं, उनके मौजूदा वेतन में एक अप्रैल 2026 से पांच प्रतिशत की एकमुश्त बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद एक अप्रैल 2027 से हर साल पांच प्रतिशत की वार्षिक वेतन वृद्धि दी जाएगी।

यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी, जब तक संबंधित कर्मचारी सात साल की लगातार सेवा पूरी नहीं कर लेता। सात साल की सेवा बाद में पूरी करने वाले कर्मचारियों को भी सात साल की पात्रता पूरी होने के बाद आने वाले वित्तीय वर्ष की पहली अप्रैल से नई आधार वेतन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

नई व्यवस्था में सात साल की सेवा पूरी करने के बाद पात्र हुए कर्मचारियों को एक अप्रैल 2027 से हर साल तीन प्रतिशत की वार्षिक वेतन वृद्धि भी मिलेगी। इस तरह एनएचएम के अनुबंध कर्मचारियों के लिए सेवा अवधि के आधार पर वेतन में बढ़ोतरी की व्यवस्था तय की गई है।

एनएचएम के इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जो लंबे समय से वेतन संशोधन की उम्मीद कर रहे थे। नई व्यवस्था में सात साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के लिए नई आधार वेतन दर लागू होगी, जबकि सात साल पूरे नहीं करने वाले कर्मचारियों को पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी और उसके बाद हर साल पांच प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि का प्रावधान किया गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सात साल की सेवा बाद में पूरी करने वाले कर्मचारियों का वेतन पात्रता पूरी होने के बाद आने वाले वित्तीय वर्ष की पहली अप्रैल से नई दर के अनुसार तय होगा। नई आधार वेतन व्यवस्था में आने के बाद उन्हें हर वर्ष तीन प्रतिशत की वार्षिक वेतन वृद्धि मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story