एनएचएआई के टोल प्लाजा प्रबंधन ने मानी गलती, गैराज में खड़ी कार के कटे 155 रूपए लौटाए,
मंडी, 21 मई (हि.स.)। बीते रविवार की रात को 23 बजकर 32 मिंट पर मंडी चंडीगढ़ फोरलेन के गड़ा मोड़ा टोल प्लाजा पर मंडी के युगल किशोर की घर के गैराज में खड़ी कार का 115 रूपए टोल कट जाने का मामला जब सुर्खियों में आया तथा इसकी उच्च स्तर पर ऑन लाइन शिकायत की गई तो चमत्कार यह हुआ कि यह पैसे वापस आ गए। आमतौर पर एनएचएआई में की गई शिकायतें रद्दी की टोकरी में जाती हैं मगर युगल किशोर ने इसे पैसों के लिए नहीं बल्कि इसे अपनी प्रतिष्ठा और अन्य लोगों जो समय समय पर फोरलेन पर लगे टोल प्लाजा प्रबंधन के शिकार होते हैं की जागरूकता के लिए ऐसा किया।
प्रभावित मंगवाई रामनगर मंडी के युगल किशोर काकू पंडित ने बताया कि बीती रात उनके पैसे फास्ट टैग के खाते में आ गए। उन्होंने इसके लिए मीडिया बंधुओं का आभार जताया जिनके दबाव से एनएचएआई को अपनी गलती माननी पड़ी और आने वाले समय में भी यदि ऐसी गलती होती है तो कोई भी प्रभावित ऐसा करके अपने पैसे वापस वसूल सकता है।
गौरतलब है कि आए दिन घरों में खड़े वाहनों जिनमें स्कूटर आदि भी होते हैं का टोल मीलों दूर कट जाने या फिर चालान हो जाने की खबरें आती रहती हैं मगर लोग इसे हल्के में लेकर छोड़ देते हैं। गलती का अहसास करके अपने खून पसीने की कमाई भले ही वह कितनी भी छोटी रकम क्यों न हो को वापस लेने का प्रयास करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

