एनईपी के तहत यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 अक्टूबर से

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 26 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तारीख तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21/22 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने सभी संबंधित कॉलेजों और संस्थानों को परीक्षा से पहले जरूरी शैक्षणिक गतिविधियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में 25 सितंबर को विभिन्न परीक्षा शाखाओं के प्रमुखों की बैठक हुई। बैठक में एनईपी के तहत प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं और आगामी अन्य परीक्षाओं की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21/22 अक्टूबर से शुरू की जाएंगी।

विश्वविद्यालय ने कॉलेज और संस्थान प्रमुखों से कहा है कि मध्यावधि परीक्षाएं, आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षाएं प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा से पहले पूरी कर ली जाएं। इसके लिए कॉलेजों को अपने स्तर पर आवश्यक कार्यक्रम पहले से तय करने होंगे।

परिपत्र के अनुसार संबंधित सभी सेमेस्टर और कक्षाओं की पूरक और विशेष अवसर वाली परीक्षाएं भी इसी समय-सारणी के तहत आयोजित की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story