हिमाचल में चार साल में एनडीपीएस के 7,950 मामले दर्ज, नशा तस्करों की 92 करोड़ की संपत्तियां जब्त : मुख्यमंत्री
शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पिछले चार वर्षों में एनडीपीएस के 7,950 मामले दर्ज किए गए हैं और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान नशा तस्करी से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश से चिट्टे सहित सभी प्रकार के नशीले पदार्थों का खात्मा करने के लिए सरकार व्यापक अभियान चला रही है। इस लड़ाई में पुलिस और प्रशासन के साथ समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार इन चार वर्षों में 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया। इनमें 159 को अकेले वर्ष 2026 में निरुद्ध किया गया है। इस कानून के तहत कार्रवाई करने में हिमाचल देश में दूसरे स्थान पर है।
नशे से अर्जित 48 लाख रुपये की संपत्ति पहली बार सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। वहीं, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें 22 के खिलाफ ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 246 नशा प्रभावित पंचायतों को विशेष निगरानी में रखा गया है। यहां करीब 12 हजार लोगों की पहचान की गई है, जिन्हें जरूरत के अनुसार उपचार और पुनर्वास से जोड़ा जाएगा। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस संचालित नशामुक्ति केंद्र शुरू किया गया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों का संचालन भी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नशा तस्करी की सूचना देने के लिए जल्द ही व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया जाएगा, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रहेगी। उन्होंने युवाओं, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों से नशामुक्त हिमाचल के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

