मंडी के सुंदरनगर में 31.79 करोड़ की जड़ोल-कांगू पेयजल योजना तैयार

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के सुंदरनगर में 31.79 करोड़ की जड़ोल-कांगू पेयजल योजना तैयार


मंडी, 19 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित जड़ोल-कांगू इलाके के ग्रामीणों को जल्द ही पेयजल संकट से स्थायी राहत मिलने जा रही है। जल शक्ति विभाग द्वारा न्यू डेवलपमेंट बैंक एनडीबी के वित्तीय सहयोग से तैयार एम-4 पैकेज बहु-ग्राम पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। विभाग के अनुसार योजना फिलहाल ट्रायल चरण में है और शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। करीब 31.79 करोड़ रूपए की लागत से बनी इस योजना में निर्माण के साथ आगामी पांच वर्षों का संचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम) भी शामिल है। योजना के तहत 19 भंडारण टैंक बनाए गए हैं, जबकि लगभग 129 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया है।

इस परियोजना से करीब 14,934 लोगों और तीन हजार से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत 20 गांवों और 80 बस्तियों को जोड़ा गया है। वर्तमान में मलोह, भनवाड़, बोबर, जरोल और कपाही पंचायतों को इस सुविधा से लाभान्वित किया जा रहा है।

क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। पुरानी योजनाएं स्थानीय जल स्रोतों पर आधारित थीं, जिनका जलस्तर गर्मियों में घट जाता था। अब इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ब्यास-सतलुज लिंक (बीबीएमबी) नहर को मुख्य स्रोत बनाया गया है, जिससे सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

योजना के तहत चांदपुर में 2.24 एमएलडी क्षमता का आधुनिक जल शोधन संयंत्र भी स्थापित किया गया है। इसमें फ्लैश मिक्सिंग, ट्यूब सेटलिंग और रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल सुंदरनगर ई. रजत गर्ग ने बताया कि कपाही फेज में ट्रायल सफल रहा है और वहां नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि मलोहगलू फेज अंतिम परीक्षण चरण में है। योजना के पूर्ण संचालन से न केवल पेयजल संकट का स्थायी समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।

इधर ,प्रमुख अभियंता, प्रोजेक्ट जल शक्ति विभाग,इंजीनियर धर्मेंद्र गिल, ने बताया कि डीबी के माध्यम से मंडी जिला में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिनमें सुंदरनगर की जरोल-कांगू योजना प्रमुख है। इस योजना से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story