नशे के खिलाफ मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस वर्ष 274 मामले दर्ज, 438 गिरफ्तार, भांग के 34,644 पौधे नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस वर्ष 274 मामले दर्ज, 438 गिरफ्तार, भांग के 34,644 पौधे नष्ट


मंडी, 02 नवंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई के चलते भांग के 34,644 पौधे नष्ट किए गए। उसी कड़ी में इस वर्ष 274 मामले दर्ज किए गए, जबकि 438 आरोपी गिरफ्तार किए गए। जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र समिति की मासिक समीक्षा बैठक पुलिस लाईन के सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की।

उपायुक्त ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में वित्तीय जांच से संबंधित 70 मामले विभिन्न स्तर पर परिविक्षाधीन हैं। वहीं, वर्ष 2025 से 31 अक्तूबर, 2026 तक कुल छह मामलों में आरोपियों की 61 लाख 30 हजार 757 रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 70 लाख 56 हजार रुपए की संपत्ति अटैच करने के मामले में सक्षम प्राधिकारी से पुष्टि प्राप्त होना शेष है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि पहली जनवरी, 2026 से जिला मंडी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 31 अक्तूबर तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 274 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 438 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 418 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि दर्ज मामलों में अफीम एवं अफीम डोडा के 7, हेरोइन के 93, चरस के 143 तथा प्रतिबंधित एमडीएमए, नशे के सेवन एवं एनडीपीएस एक्ट के अन्य 11 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से अफीम एवं भांग की खेती से संबंधित 20 मामले दर्ज किए गए हैं।

उसी प्रकार सितंबर, 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज किए गए, जिनमें हेरोइन के 8 मामले शामिल थे। इस दौरान 87.69 ग्राम हेरोइन, 2.649 किलोग्राम चरस, 1.185 किलोग्राम अफीम डोडा तथा 937 ग्राम भुक्की बरामद की गई। वहीं, अक्तूबर माह में 18 मामले दर्ज हुए, जिनमें हेरोइन के 6 मामले शामिल हैं। इस दौरान 112.05 ग्राम हेरोइन और 7.765 किलोग्राम चरस बरामद की गई। सितंबर में 39,705 तथा अक्तूबर में 34,644 भांग के पौधे नष्ट किए गए।

भांग की अवैध खेती के उन्मूलन के लिए जिला पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 34,644 भांग के पौधे नष्ट किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story