एनसीसी एयर विंग के कैंप मेें मंडी कालेज ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी

WhatsApp Channel Join Now
एनसीसी एयर विंग के कैंप मेें मंडी कालेज ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी


हमीरपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर शिविर के कमांडेंट एवं 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

महाविद्यालयों के वर्ग में वल्लभ राजकीय कालेज मंडी को समग्र चैंपियन घोषित किया गया। इस संस्थान ने कुल 18 स्वर्ण एवं 9 रजत पदक जीते। ड्रिल और अनुशासन की ट्रॉफी भी इसी संस्थान के नाम रही। एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन इस संस्थान का नेतृत्व किया। फ्लाइंग ऑफिसर निश्चल शर्मा के नेतृत्व में 11 स्वर्ण और 16 रजत पदकों के साथ डिग्री कालेज कुल्लू ने दूसरा स्थान हासिल किया।

विद्यालयों के वर्ग में डीएवी स्कूल मंडी ने 4 स्वर्ण और 8 रजत पदकों के साथ समग्र चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा 4 स्वर्ण एवं 4 रजत पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

सीनियर वर्ग में कुल्लू कालेज के अभिषेक और वंशिका को अपने-अपने वर्गों में बेस्ट कैडेट घोषित किया गया। जूनियर वर्ग में रावमापा पनारसा के तरुण और रावमापा जरी की प्रिया गुरुंग बेस्ट कैडेट रहीं। मंडी कालेज के मनीष बेस्ट एथलीट बने। ड्रिल प्रतियोगिता में मंडी कालेज और डीएवी मंडी अपने-अपने वर्गों में अव्वल रहे।

सीनियर वर्ग की .22 राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कालेज के शिवम ठाकुर और आईआईटी मंडी की भाग्यश्री प्रथम रही। स्कीट शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कालेज के यतिंद्र और दीपिका अव्वल रहीं।

विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई दी तथा शिविर में भाग लेने वाले प्रत्येक कैडेट की अनुशासनप्रियता, समर्पण, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उच्च मनोबल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एटीसी-233 का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना था। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर एचएन सूर्यवंशी, संस्थान के अन्य सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ, एरो मॉडलिंग टीम, मोटिवेशनल स्पीकर्स और अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story