राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित जगमोहन शर्मा को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित जगमोहन शर्मा को दी बधाई


मंडी, 27 अगस्त (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए) मंडी के अनुदेशक फिटर जगमोहन शर्मा का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए किया गया है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा जारी सूची में जगमोहन शर्मा का नाम चयनित पुरस्कार विजेताओं में शामिल है। जगमोहन शर्मा की इस उपलब्धि पर तकनीकी शिक्षा मंत्री, हिमाचल प्रदेश राजेश धर्माणी तथा निदेशक, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, हिमाचल प्रदेश रोहित राठौर ने भी उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि जगमोहन शर्मा को इससे पूर्व वर्ष 2025 में राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश द्वारा स्टेट टीचर अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर अजेश कुमार ने भी जगमोहन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-A), मंडी के लिए गौरव का विषय है। बल्कि इससे पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। समस्त अनुदेशक वर्ग एवं स्टाफ सदस्यों ने भी जगमोहन शर्मा को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भारत सरकार के पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 का सम्मान समारोह 5 सितंबर 2026 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति-पत्र, 50,000 रूपए की नकद राशि तथा पदक प्रदान किया जाएगा।

संस्थान परिवार ने जगमोहन शर्मा की इस उपलब्धि को व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके समर्पण, उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान का गौरवपूर्ण सम्मान बताते हुए इसे संस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story