चेक बाउंस के मामलों के निपटारे के लिए 21 को लगेगी विशेष लोक अदालत

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। अदालतों में लंबित चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 21 नवंबर को जिला हमीरपुर के सभी न्यायिक परिसरों हमीरपुर, बड़सर, नादौन और भोरंज में विशेष लोक अदालतें लगाई जाएंगी।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन विशेष लोक अदालतों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट एवं चेक बाउंस से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए भी इन्हीं न्यायिक परिसरों में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाएगी।

कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोक अदालत में उन मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है जो अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं।

उन्होंने बताया कि अपने मामलों का निपटारा करवाने के इच्छुक लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय हमीरपुर या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। लोक अदालत से पहले प्री-लोक अदालत सीटिंग में भी इन मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर करवाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि अदालतों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, आपसी सहमति एवं सुलह के साथ निपटाने तथा अन्य मामलों के भी त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने मेडिएशन फॉर द नेशन यानि मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान भी आरंभ किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story