मंडी के चित्रकार संजय कुमार को मिला नेशनल ललित कला अकादमी अवार्ड

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के चित्रकार संजय कुमार को मिला नेशनल ललित कला अकादमी अवार्ड


मंडी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमणी में कला शिक्षक के पद पर कार्यरत संजय कुमार को ललित कला अकादमी, नई दिल्ली की ओर से 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में नेशनल ललित कला अकादमी अवार्ड प्रदान किया गया। उनकी उत्कृष्ट मिक्स मीडिया कलाकृति व्हेन मेमोरीज कम बैक -7 के लिए उन्हें प्रतिष्ठित नेशनल ललित कला अकादमी अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

संजय कुमार ने राजकीय कॉलेज ऑफ आर्ट, चंडीगढ़ से कला शिक्षा प्राप्त की है। वे बीते दो दशकों से कला क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं और अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से केवल वस्तुओं का चित्रण करने के बजाय अपने अनुभवों, गहरी संवेदनाओं और आंतरिक भावों को सजीव रूप देते हैं। उनके कला सफर में वर्ष 2012 एक महत्वपूर्ण मोड़ रहा था जब उनकी पेंटिंग गवर्नमेंट आर्ट म्यूजियम एंड गैलरी, सेक्टर-10, चंडीगढ़ के स्थायी संग्रह में शामिल की गई और उनका चयन 54 वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के लिए हुआ था। उन्हें यह पुरस्कार 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह नई दिल्ली के रवींद्र भवन में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर संजय कुमार ने कहा कि कला केवल बाहरी रूप-रंग को दर्शाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर के अनुभवों, गहरे संवादों और संवेदनाओं का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पुरस्कार मेरी दो दशकों की निरंतर कला-साधना, समर्पण तथा कला के प्रति अटूट निष्ठा का परिणाम है। जो मुझे भविष्य में और अधिक गहराई के साथ सृजन करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने आदरणीय माता-पिता और उन सभी गुरुजनों को दिया है। जिनकी प्रेरणा व मार्गदर्शन की वजह से वे इस कला जगत में आए और आगे बढ़ने में सफल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story