राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फिर अव्वल रही हिमाचल एसडीआरएफ टीम, मुख्यमंत्री को सौंपी ट्रॉफी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फिर अव्वल रही हिमाचल एसडीआरएफ टीम, मुख्यमंत्री को सौंपी ट्रॉफी


शिमला, 22 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने राष्ट्रीय स्तर की कोलैप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू (सीएसएसआर) प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद आज शिमला के ओक ओवर में आयोजित एक सम्मान समारोह में विजेता टीम ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को प्रतिष्ठित ट्रॉफी भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद हिमाचल की टीम का राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करना प्रदेश की तैयारी, अनुशासन और क्षमता को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने टीम के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ी हैं और वर्ष 2023 तथा 2025 में भारी नुकसान भी हुआ है। ऐसे कठिन समय में एसडीआरएफ, होम गार्ड्स, अग्निशमन विभाग और सिविल डिफेंस की टीमों ने लोगों की जान बचाने और फंसे हुए स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इन सभी विभागों के प्रयासों की सराहना की।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने होम गार्ड वॉलंटियर मैनेजमेंट सिस्टम का भी उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य राज्यभर में होम गार्ड स्वयंसेवकों के बेहतर समन्वय, प्रशिक्षण और प्रबंधन को मजबूत बनाना है। इसके साथ ही फायर सेफ्टी कोड 2026 की भी समीक्षा की गई, जो प्रदेश में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एसडीआरएफ टीम के सभी सदस्यों को उत्कृष्ट सेवा और आपदा प्रबंधन में योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तेजी से राहत मिल सके।

गौरतलब है कि 9 से 11 मार्च तक गाजियाबाद में एनडीआरएफ की 8वीं बटालियन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सीएसएसआर प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 30 टीमों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश एसडीआरएफ टीम ने अपने पिछले प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ते हुए केवल 41 मिनट में कार्य पूरा कर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ दूसरे और आंध्र प्रदेश एसडीआरएफ तीसरे स्थान पर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story