कांग्रेस सरकार ने नाहन अस्पताल को बनाया रेफरल अस्पताल, मरीजों की जान से हो रहा खिलवाड़ : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 15 नवंबर (हि.स.)।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाली के खिलाफ रविवार को नाहन में भाजपा द्वारा आयोजित प्रचंड विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार और नाहन के विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को अपनी नाकामियों का स्मारक बना दिया है। जिस अस्पताल से नाहन और सिरमौर के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, वह आज केवल रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है। दूरदराज क्षेत्रों से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार ने जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के बजाय उन्हें परेशानियों के हवाले कर दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में नाहन अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग पर ताले जड़े हैं। अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी अति आवश्यक सुविधाएं बंद पड़ी हैं। मरीजों को इन जांचों के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। यह बेहद शर्मनाक स्थिति है कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल होने के बावजूद मरीजों को बुनियादी जांच सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के पांच ऑपरेशन थिएटर में से दो ऑपरेशन थिएटर महीनों से बंद पड़े हैं। केवल छोटी-सी मशीनरी की कमी के कारण ऑपरेशन थिएटर बंद रहना सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन अस्पताल के भवन की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। छतें टपक रही हैं, सीलिंग मरीजों पर गिर रही है और शौचालयों की हालत खराब है। अस्पताल में मरीजों को उपचार के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। इस दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण नए मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण समय पर पूरा न होना है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार में अस्पताल में रोगी पर्ची के पैसे बढ़ गए हैं। मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन बाहर से करवाने पड़ते हैं तथा ऑपरेशन थिएटर का सामान तक बाहर से लाना पड़ता है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। छोटे-बड़े रोगियों को लगातार शिमला और चंडीगढ़ रेफर किया जा रहा है। नाहन और सिरमौर की जनता अपने ही मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए तरस रही है। आखिर मेडिकल कॉलेज होने का क्या लाभ, जब मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़े?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

