सरकाघाट नगर परिषद पर भाजपा ने किया कब्जा, नगर निगम मंडी का फैसला 29 को होगा
मंडी, 19 जून (हि.स.)। मंडी जिले की सरकाघाट नगर परिषद में शुक्रवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदों पर भाजपा के पार्षदों ने कब्जा जमा लिया। इसमें विधायक दलीप ठाकुर का वोट भी काम आया। अध्यक्ष पद पर पुष्पा देवी जबकि उपाध्यक्ष के पद पर एडवोकेट लाल सिंह को चुना गया। भाजपा विधायक दलीप ठाकुर व धर्मपुर के भाजपा नेता रजत ठाकुर की अगुवाई में अध्यक्ष उपाध्यक्ष, पार्षदगण व अन्य ने अपने अपने समर्थकों के साथ विजयी जुलूस निकाला। इसके साथ ही मंडी जिले की सात निकाय जिनमें मंडी नगर निगम, सुंदरनगर, नेरचौक, जोगिंदनगर व सरकाघाट नगर परिषद एवं रिवालसर व करसोग नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें अब सात में नेरचौक, रिवालसर, करसोग व जोगिंदरनगर में कांग्रेस के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बने हैं जबकि सुंदरनगर व सरकाघाट में भाजपा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बने हैं। अब मंडी नगर निगम का फैसला होना बाकी है। इसके लिए 29 जून को शपथ ग्रहण कार्यक्रम तय किया गया है। इसी दिन महापौर व उपमहापौर के लिए भी चुनाव रखा गया है।
मंडी नगर निगम के 14 वार्डों में हुए चुनावों में 12 भाजपा के हैं जबकि एक कांग्रेस व एक आजाद है। ऐसे में यहां पर भाजपा की सरकार बननी तय है। नगर निकाय के लिए 17 मई को वोट पड़े थे जबकि 31 मई को परिणाम आ गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

