मंडी में दूषित पाई गई बावड़ियों की सफाई , दूषित जल उपयोग न करें: रोहित राठौर

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में दूषित पाई गई बावड़ियों की सफाई , दूषित जल उपयोग न करें: रोहित राठौर


मंडी, 04 जून (हि.स.)। नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में स्थित विभिन्न बावड़ियों प्राकृतिक जल स्रोतों के जल की गुणवत्ता की हाल ही में जल शक्ति विभाग मंडी द्वारा जांच की गई है। प्राप्त माइक्रोबायोलॉजिकल जांच रिपोर्ट के अनुसार कुछ बावड़ियों का जल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा है, जिसके चलते उक्त जल मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के आगमन के साथ जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना भी बढ़ जाती है। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम मंडी द्वारा संबंधित बावड़ियों की सफाई, गाद निकालने तथा अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

आयुक्त ने नागरिकों से आग्रह किया है कि आगामी आदेशों तक इन बावड़ियों के जल का पेयजल अथवा अन्य घरेलू उपयोग के लिए प्रयोग न करें तथा केवल सुरक्षित और स्वच्छ जल का ही उपयोग करें।

रोहित राठौर ने बताया कि नगर निगम मंडी द्वारा जल स्रोतों की नियमित निगरानी एवं सफाई का कार्य किया जा रहा है। जल गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने के उपरांत ही इन जल स्रोतों के उपयोग संबंधी अगली सूचना जारी की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से जनहित में सहयोग करने और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story