मंडी नगर निगम के लिए मतगणना हाल तैयार, आठ महिलाएं व आठ नए चेहरों का आना तय

WhatsApp Channel Join Now
मंडी नगर निगम के लिए मतगणना हाल तैयार, आठ महिलाएं व आठ नए चेहरों का आना तय


मंडी, 30 मई (हि.स.)। आखिरकार मंडी नगर निगम चुनाव की मतगणना का समय करीब आ गया। रविवार को चुनाव परिणाम आने के बाद नई नगर निगम का चेहरा सामने आ जाएगा। इस बार हर तरफ एक ही सवाल है कि क्या 8 से अधिक जीत जाएंगी महिलाएं, 6 पार्षद क्या हो पाएंगे रिपीट, 3 पार्षद लगा पाएंगे अपनी पत्नियों की नैया पार। चौदह दिन ईवीएम में बंद रहने के बाद रविवार को मंडी नगर निगम के उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। चूंकि ये चुनाव पार्टी चिह्नों पर हुए हैं, यह शहर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष जय राम ठाकुर का गृह नगर है, पहली नगर निगम में कांग्रेस को 15 में से महज 4 सीटें मिली थी, अब 14 में चुनाव हो रहे हैं और मुख्यमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री समेत बड़े दिग्गजों ने मंडी नगर निगम के चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़ कर स्वयं धुआंधार प्रचार किया है ऐसे में इसके परिणामों पर सबकी नजरें लगी हैं। जो तय है वह यह है कि इस बार 8 महिलाएं और 8 ही नए चेहरे आने तय हैं।

8 वार्ड महिलाओं के आरक्षित हैं तो केवल 6 पर ही पूर्व पार्षद किस्मत आजमा रहे हैं। सब का सवाल यह है कि मंडी नगर निगम के दूसरे कार्यकाल में 14 में 8 महिलाओं का पार्षद बनना तो तय है मगर 9 से सुमन ठाकुर और एक से अलकनंदा हांडा में जो यदि कोई जीत गई तो यह आंकड़ा 9 या 10 पहुंच जाएगा। दूसरा बड़ा सवाल है कि पहली नगर निगम के 6 पार्षद फिर से मैदान में हैं। इनमें अलकनंदा हांडा कांग्रेस की बागी खलियार, निर्मल वर्मा पड्डल, वीरेंद्र आर्य सन्यारड़ी, सुमन ठाकुर पैलेस दो व नेहा दस नंबर से भाजपा की उम्मीदवार हैं तो अंजया कुमारी 14 नंबर वार्ड दौहंदी से कांग्रेस की उम्मीदवार है। देखना होगा कि इनमें से कितनी दूसरी बार निगम की चौखट लांघ पाती हैं। यकीनन यह तय लग रहा है कि यह तादाद कम होगी।

उधर, सबसे अधिक नजरें पहली नगर निगम के तीन पार्षदों की पत्नियां जो उम्मीदवार बनी हैं उन पर लगी हैं। इनमें राजेंद्र मोहन ने अपनी पत्नी नर्वदा, योग राज योगा ने रजनी चंद्रा तो हरदीप सिंह राजा ने अपनी पत्नी गुरदीप कौर को उम्मीदवार बनाया है। मंडी नगर निगम के परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं और इसके परिणाम दूरगामी असर डालेंगे। किसी भी दल की जीत उसे विधानसभा चुनाव तक प्रचार को तेज धार देने में काम आएगी।

इधर, मतगणना के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। राजकीय बल्लभ महाविद्यालय मंडी का हॉल नगर निगम के चुनावों की कल होने वाली मतगणना के लिए तैयार कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story