नगर निगम मंडी पर भाजपा का कब्जा, सुमन मेयर और जितेंद्र बनें डिप्टी महापौर

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम मंडी पर भाजपा का कब्जा, सुमन मेयर और जितेंद्र बनें डिप्टी महापौर


नगर निगम मंडी पर भाजपा का कब्जा, सुमन मेयर और जितेंद्र बनें डिप्टी महापौर


मंडी, 29 जून (हि.स.)। मंडी नगर निगम में 14 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार महापौर और उपमहापौर पद पर कब्जा कर लिया है। सोमवार को पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं पांचवीं बार पार्षद निर्वाचित हुईं सुमन ठाकुर को मंडी नगर निगम का महापौर तथा वार्ड नंबर 11 समखेतर से दूसरी बार पार्षद बने जितेंद्र शर्मा को उपमहापौर निर्विरोध चुना गया।

नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर और उपमहापौर पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। दोनों पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सुमन ठाकुर और जितेंद्र शर्मा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

महापौर पद के लिए सुमन ठाकुर के अलावा गगन कश्यप, नेहा और जितेंद्र शर्मा के नाम भी चर्चा में रहे। भाजपा नेतृत्व ने राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य को पर्यवेक्षक नियुक्त कर पार्षदों एवं नेताओं से राय ली। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधायक अनिल शर्मा की सहमति के बाद दोनों नामों पर सर्वसम्मति बनी।

इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नव-निर्वाचित महापौर, उपमहापौर और पार्षदों को बधाई देते हुए जनहित, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व ने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए सुमन ठाकुर और जितेंद्र शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने नगर निगम के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, नव-निर्वाचित महापौर और उपमहापौर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए सभी को साथ लेकर शहर के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story