नगर निगम चुनाव का बहिष्कार करेंगे बैहना वार्ड नंबर-14 के निवासी

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव का बहिष्कार करेंगे बैहना वार्ड नंबर-14 के निवासी


मंडी, 25 अप्रैल (हि.स.)। मंडी नगर निगम चुनाव में बैहना वार्ड में चुनाव को लेकर विरोध तेज हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने साफ तौर पर चुनावों के बहिष्कार का ऐलान किया है और कहा है कि वे किसी भी उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतरने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे नगर निगम में शामिल नहीं रहना चाहते और उन्हें फिर से पंचायत में शामिल किया जाए।

दरअसल, हाल ही में भाजपा मंडल नेरचौक की ओर से नगर निगम चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के आवेदन को लेकर बैहना में एक बैठक आयोजित की गई थी। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बैठक का विरोध किया। इस दौरान माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण भी हो गया। कुछ भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार प्रशासन और सरकार को ज्ञापन देकर मांग की है कि उन्हें नगर निगम से बाहर किया जाए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि उन्हें पहले यह कहकर नगर निगम में शामिल किया गया था कि पांच साल बाद उन्हें वापस पंचायत में शामिल कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने विधायक इंद्र सिंह गांधी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विधायक ने उन्हें समर्थन का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई। ग्रामीणों ने संभावित उम्मीदवारों से भी अपील की है कि वे गांव के हित में चुनाव न लड़ें।

ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को एक आम बैठक बुलाई गई है, जिसमें वार्ड 14 के सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में चुनाव बहिष्कार को लेकर सामूहिक फैसला लिया जाएगा। लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे एकजुट होकर चुनावों का विरोध करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story