नगर निगम मंडी के 14 वार्डों के लिए 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 29244 मतदाताओं के लिए 36 मतदान केंद्र स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम मंडी के 14 वार्डों के लिए 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 29244 मतदाताओं के लिए 36 मतदान केंद्र स्थापित


मंडी, 16 मई (हि.स.)। नगर निगम मंडी चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम के 14 वार्डों में पार्षदों के निर्वाचन के लिए 17 मई को प्रातः 7 बजे से अपराहन 3 बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी में कुल 31263 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 29244 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड नंबर-14 बेहना से सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के कारण वहां चुनाव नहीं हो रहा है। बेहना वार्ड में कुल 2019 मतदाता हैं।

नगर निगम के 14 वार्डों के लिए कुल 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम मंडी क्षेत्र में कुल 31263 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 15368 पुरुष तथा 15895 महिला मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक 2892 मतदाता वार्ड नंबर-1 खलियार में हैं, जबकि सबसे कम 1327 मतदाता वार्ड नंबर-8 पैलेस कॉलोनी-1 में दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-2 पुरानी मंडी में 1812, वार्ड नंबर-3 पड्डल में 1741, वार्ड नंबर-4 नेला में 2227, वार्ड नंबर-5 मंगवाई में 2118, वार्ड नंबर-6 सन्यारड में 1990, वार्ड नंबर-7 तलयाहड़ में 2113, वार्ड नंबर-9 पैलेस कॉलोनी-2 में 2238, वार्ड नंबर-10 सुहड़ा में 2085, वार्ड नंबर-11 समखेतर में 2242, वार्ड नंबर-12 भगवाहन में 2265, वार्ड नंबर-13 थनेहड़ा में 2111 तथा वार्ड नंबर-15 दौंहदी में 2083 मतदाता हैं।

अपूर्व देवगन ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 413 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा ईवीएम सहित अन्य चुनाव सामग्री संबंधित मतदान केन्द्रों तक पहुंचा दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मतदाता निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story