मंडी के किले पर भाजपा का भगवा परचम, मंडीवालों ने फिर दिखाया जयराम पर भरोसा
मंडी, 31 मई (हि.स.)। प्रदेश के दूसरे बड़े जिला मंडी में एक बार फिर भाजपा ने नगर निगम चुनाव में भगवा परचम फहरा दिया है। जबकि आपसी अंर्तकलह में उलझी कांग्रेस का ग्राफ एक बार फिर गिर गया है। नगर निगम के पंद्रह में से चौदह वार्डों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने पिछले चुनाव के मुकाबले एक सीट का इजाफा किया है। इस बार चौदह में बारह वार्डों में भाजपा जीत ने जयराम ठाकुर ने उस कथन को सही साबित कर दिया कि मंडी हमारी है....मंडी हमारी ही रहेगी। मंडी नगर निगम में भाजपा के लिए जयराम और अनिल शर्मा की रणनीति कारगर साबित हुई है। जबकि कांग्रेस के लिए जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर और पूर्व मंत्री कौल सिंह की सियासी चाल उलटी पड़ी है।
नगर निगम मंडी के 14 वार्डों में इस बार चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा ने 12 वार्डों में जीत का जश्न मनाते हुए भरपूर ताजगी के साथ कमल खिला दिया है। पिछले चुनाव में भाजपा को 15 में से 11 वार्डों में सफलता मिली थी। इस बार बीजेपी एक सीट का इजाफा करते हुए 12 वार्डों में जीत का जश्न मना रही है। मंडी में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होते होते रह गया, पंजा सिर्फ वार्ड तीन नेला में ही टिक पाया है, जहां से नर्वदा मोहन ने कांग्रेस के लिए कुछ सम्मान बचा कर रखा है।
वहीं पर वार्ड एक खलियार से चुनाव जीतकर आजाद प्रत्याशी अलक नंदा हांडा ने दिखाया है कि आखिर क्यूं उन्हें मंडी की आयरन लेडी कहा जाता है।
भाजपा ने मंडी में प्रचंड जीत से कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है।
जिला मुख्यालय में कांग्रेस का हाल पिछले विधानसभा चुनाव जैसा हुआ है, जिसमें वह केवल एक सीट ही बचा पाई थी। नगर निगम मंडी के चुनाव में भाजपा इस बार 12 वार्डों में चुनाव जीती है। इनमें पुरानी मंडी, पड्डल, मंगवाईं, सन्यारड, तल्याहड़, पैलेस कालोनी-1, पैलेस कालोनी-2, सुहड़ा, समखेतर, भगवाहन, थनेहड़ा और दौंहदी शामिल हैं। कांग्रेस के हिस्से में केवल नेला वार्ड आया है।
इस बार कांग्रेस के कर्णधारों ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहां वार्ड नंबर एक से कांग्रेस नेत्री अलकनंदा हांडा का टिकट काट दिया। वहीं पर वार्ड नंबर चार नेला से नर्वदा मोहन का टिटक भी होल्ड कर खा था। उन्हें भी अंतिम क्षणों में टिकट दिया गया। केवल वहीं पर कांग्रेस को जीत का स्वाद चखने को मिला। जबकि वार्ड नंबर एक खलियार से कांग्रेस की बागी अलकनंदा की आजाद प्रत्याशी के रूप में जीत हुई है।
गौर तलब है कि पिछले चुनाव में कांग्रेस चार वार्डों में चुनाव जीती थी, लेकिन इस बार उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह सिर्फ एक वार्ड में सिमट कर रह गई है। नगर निगम चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार के लिए स्पष्ट संकेत है कि आने वाले समय में प्रदेश से कांग्रेस सरकार की विदाई तय है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, द्रंग के विधायक पूर्ण ठाकुर एवं भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

