नगर निगम से अब बाहर नहीं होंगे बैहना व दौंहदी वार्ड , बैहना वार्ड में शीघ्र होगा चुनाव

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 24 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम मंडी से वार्ड नंबर चौदह बैहना और पंद्रह दौंहदी को बाहर करने की मुहीम को झटका लगा है। सरकार ने इस तरह के किसी भी प्रस्ताव से इंकार किया है। नगर निगम के गठन के दौरान पूर्व की भाजपा सरकार ने कई ग्रामीण क्षेत्रों को साथ मिलाकर आबादी का मापदंड पूरा किया था। इसके साथ ही यह भी वादा किया था कि जैसे ही आबादी का यह पैमाना शहरी क्षेत्रों से ही पूरा हो जाएगा तो इन क्षेत्रों को बाहर करके फिर से पंचायत में बदल दिया जाएगा। इसी को लेकर निगम के वार्ड नंबर 14 बैहना व 15 दौहंदी के लोग लगातार निगम से बाहर किए जाने की मांग कर रहे हैं। यही नहीं इनके प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी की अगुवाई में शिमला जाकर मुख्यमंत्री से मिल कर उन्हें चुनावों के दौरान व अन्य मौके पर इस बारे में किया गया वायदा भी याद दिला चुके हैं। उन्हें कई बार इसका आश्वासन भी मिल चुका है कि इन क्षेत्रों को बाहर कर दिया जाएगा। वर्तमान में चल रहे विधानसभा सत्र में इसे लेकर स्थानीय भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सवाल किया था।

सोमवार को इस बारे में जो शहरी विकास मंत्री व सरकार का जवाब आया है वह इस मांग के पूरी हो जाने की उम्मीद लगाए बैठे इन दोनों वार्डों के लोगों के लिए बढ़ा झटका है। इसमें सरकार ने साफ कर दिया है कि इस तरह का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं हैं। हां इसी मांग के चलते जो मई महीने में हुए नगर निगम के चुनाव में बैहना वार्ड के लोगों ने बहिष्कार किया और किसी भी उम्मीदवार को चुनाव नहीं लड़ने दिया, नामांकन वापस लेने पर मजबूर कर दिया। इस मांग को लेकर भाजपा कांग्रेस एकसाथ भी आ गए थे। मगर अब सरकार ने पूरी तरह से इन्कार कर दिया है तथा आने वाले समय में चुनाव आयोग से बैहना वार्ड का चुनाव करवाने की बात कही है। इस बारे में विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री, शहरी विकास मंत्री व कांग्रेस पर लोगों को ठगने व मूर्ख बनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि अब तक लोगों से वादे किए जाते रहे मगर धरातल पर इस तरह का कोई प्रस्ताव कांग्रेस सरकार के विचाराधीन नहीं है यह लिखित तौर पर आ चुका है। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की दोगली नीति बताया तथा कथनी और करनी में साफ तौर पर फर्क साबित होना करार दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story