नबाही माता मेले में वालीबाल का रोमांच: पठानकोट बना चैंपियन, ऊना को मिला उपविजेता का खिताब
मंडी, 16 जून (हि.स.)। मंडी जिला के उपमंडल सरकाघाट के प्रसिद्ध नबाही माता मेले के पावन अवसर पर खेल और उत्साह का संगम देखने को मिला। मेले के उपलक्ष्य में नव दुर्गा जागरण क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय वालीबाल प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस रोमांचक प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पठानकोट की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल कर ट्राफी पर कब्जा जमाया, जबकि ऊना जिला की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव पवन ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। विजेता पठानकोट की टीम को ट्राफी और 31,000 रुपए की नकद राशि, जबकि उपविजेता ऊना की टीम को ट्राफी और 21,000 रुपए की नकद राशि प्रदान करके सम्मानित किया गया। नव दुर्गा जागरण क्लब के प्रधान कश्मीर चंद ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि क्लब द्वारा हर साल की तरह इस बार भी प्रतियोगिता को दो वर्गों (सीनियर और जूनियर) में विभाजित किया गया था। जूनियर वर्ग के कड़े मुकाबलों में हरी बैहना की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत का परचम लहराया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

