मुख्यमंत्री सहारा योजना: बीमारी की चुनौती के बीच परिवारों के लिए उम्मीद की किरण
मंडी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक सहायता
गंभीर बीमारी किसी भी परिवार के लिए बड़ी चुनौती होती है। लंबे समय तक चलने वाला उपचार, नियमित दवाइयां और मरीज की निरंतर देखभाल परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ा देती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह चुनौती और भी कठिन हो जाती है। ऐसे परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सहारा योजना राहत और उम्मीद की किरण बन रही है।
मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत पार्किन्सोनिज्म, घातक कैंसर, पक्षाघात के कारण स्थायी दिव्यांगता, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, तीव्र अथवा दीर्घकालिक गुर्दे की विफलता सहित निर्धारित गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से प्रभावित पात्र लोगों को सहायता प्रदान की जाती है।
मंडी जिला की सरकाघाट तहसील के कंडयोल निवासी रतन सिंह की पत्नी कमला देवी अचानक बीमार हो गईं। परिवार उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले गया, जहां जांच के दौरान उनके कैंसर पीड़ित होने का पता चला। गंभीर बीमारी के बाद परिवार के सामने उपचार का खर्च और लगातार देखभाल की चिंता स्वाभाविक थी। स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री सहारा योजना की जानकारी मिली। वे बताते हैं कि योजना के तहत मिलने वाली राशि पत्नी की दवाइयों और देखभाल से जुड़े खर्चों में मददगार साबित हो रही है। प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस सहायता ने उनकी उपचार संबंधी चिंता कम की है।
नवाही गांव की सुमन कुमारी के परिवार को भी मुख्यमंत्री सहारा योजना का लाभ मिला है। उनकी ननद सरोज लंबे समय से पक्षाघात जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें नियमित दवाइयों तथा देखभाल की आवश्यकता रहती है। सुमन बताती हैं कि उन्हें सहारा योजना की जानकारी आशा कार्यकर्ता के माध्यम से मिली। वित्तीय सहायता का उपयोग सरोज की दवाइयों और अन्य आवश्यकताएं पूरा करने में हो रहा है। वे बताते हैं कि हर माह मिलने वाली यह सहायता राशि दवाइयों इत्यादि से जुड़े खर्चे पूरा करने में मदद कर रही है, जिसके लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
तहसील कल्याण अधिकारी सरकाघाट पूनम शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत सरकाघाट उपमंडल में कुल 104 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें तहसील बलद्वाड़ा से 56 तथा तहसील सरकाघाट से 48 लाभार्थी शामिल हैं। प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र लाभार्थियों को उनके बैंक खातों में प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह तीन हजार रुपए की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

