एमटीबी शिमला की बाइकिंग स्पर्धा में 20 शहरों के राइडर्स दिखाएंगे दमखम

WhatsApp Channel Join Now
एमटीबी शिमला की बाइकिंग स्पर्धा में 20 शहरों के राइडर्स दिखाएंगे दमखम


एमटीबी शिमला की बाइकिंग स्पर्धा में 20 शहरों के राइडर्स दिखाएंगे दमखम


शिमला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हिमालय की चुनौतीपूर्ण पहाड़ियों पर साइकिल दौड़ाने के लिए देश के 20 शहरों के राइडर्स शिमला पहुंच रहे हैं। एमटीबी शिमला की बाइकिंग स्पर्धा का 13वां संस्करण कल शुक्रवार से शुरू होगा। 25 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राइडर्स करीब 130 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और 3,800 मीटर की कुल चढ़ाई पार करेंगे। इस बार शिमला के युवा साइक्लिस्टों पर खास नजर रहेगी। इनमें 11 वर्षीय कारिक शर्मा प्रतियोगिता के सबसे कम उम्र के राइडर हैं, जबकि 68 वर्षीय महेश्वर दत्त सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी होंगे।

हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हास्टपा) के संस्थापक मोहित सूद ने वीरवार को प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में शिमला के 18 और बेंगलुरु के छह राइडर्स हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में नौ ऐसे राइडर्स भी शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर पोडियम हासिल कर चुके हैं। प्रतिभागी अंडर-16, अंडर-19, ओपन, मास्टर्स और ग्रैंडमास्टर्स सहित विभिन्न श्रेणियों में मुकाबला करेंगे। आयोजन का उद्देश्य माउंटेन बाइकिंग को बढ़ावा देने के साथ उभरते साइक्लिस्टों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना भी है।

मोहित सूद ने बताया कि शिमला के 11 वर्षीय कारिक शर्मा अंडर-16 श्रेणी में उतरेंगे। 19 वर्षीय रूबेन पंजेटा पिछले छह साल से शिमला की पहाड़ियों पर राइडिंग कर रहे हैं और अंडर-19 श्रेणी में हिस्सा लेंगे। 18 वर्षीय नित्यम शर्मा सैंडुरो अंडर-18 प्रतियोगिता के विजेता रह चुके हैं। वहां उन्होंने एमेच्योर श्रेणी में ओवरऑल दूसरा स्थान हासिल किया था। जयपुर के 18 वर्षीय अर्णव शर्मा ने नेशनल ट्रायल्स में स्वर्ण पदक जीता है, जबकि बेंगलुरु के 15 वर्षीय स्नेहो रॉय कर्नाटक राज्य रोड रेस के स्वर्ण पदक विजेता हैं। इन युवा साइक्लिस्टों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में एक प्रोलॉग और दो समयबद्ध स्टेज होंगी। प्रोलॉग कल शाम 4:30 बजे शिमला के रिज से शुरू होगा। पहली स्टेज 24 अक्टूबर को 55 किलोमीटर की होगी, जिसमें 1,780 मीटर की चढ़ाई शामिल है। दूसरी स्टेज 25 अक्टूबर को 48 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसमें 1,280 मीटर की चढ़ाई होगी। दोनों स्टेज सुबह नौ बजे शुरू होंगी। रूट का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा ऑफ-रोड है, जिसमें जंगल के रास्ते, संकरे ट्रेल, जीप रोड, पथरीले हिस्से और नालों को पार करने की चुनौती होगी। पहली बार प्रतियोगिता में ग्रेवल बाइक को भी अनुमति दी गई है।

हास्टपा ने वर्ष 2005 में एशिया की पहली माउंटेन बाइक स्टेज रेस एमटीबी हिमालया शुरू की थी। वर्ष 2012 में शुरू हुई एमटीबी शिमला अब देश के माउंटेन बाइकिंग आयोजनों में अपनी पहचान बना चुकी है। इस बार प्रतियोगिता क्रॉस कंट्री मैराथन प्रारूप में आयोजित होगी। आयोजन के साथ सुरक्षित राइडिंग पर भी जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765240 Articles

Share this story