दिशा की समीक्षा बैठक में विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति पर समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
दिशा की समीक्षा बैठक में विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति पर समीक्षा


नाहन, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आज नाहन स्थित बचत भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला सिरमौर में केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति तथा लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क, सामाजिक सुरक्षा, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कश्यप ने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में अवगत करवाया गया कि जिला सिरमौर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत विभिन्न चरणों में सड़क निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। पीएमजीएसवाई-III के बैच-I के तहत 11 कार्य, बैच-II के तहत 12 कार्य तथा पीएमजीएसवाई-IV के बैच-I के तहत 9 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विकासात्मक कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story