हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग का समझौता

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 02 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय शिमला और महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, मुंबई के बीच विधि शिक्षा अनुसंधान, अध्यापक सहभागिता तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रीति सक्सेना तथा महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, मुंबई के कुलपति प्रो. (डॉ.) दिलीप उके के बीच संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य संस्थागत सहयोग के माध्यम से विधि शिक्षा, अनुसंधान और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।

हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2016 में अधिनियम के अंतर्गत की गई थी। विश्वविद्यालय ने हिमालयी परिवेश में गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा, व्यवहारिक अध्ययन तथा बहुविषयक शिक्षण के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वहीं, महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2014 में हुई और यह देश के अग्रणी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में गिना जाता है।

समझौता ज्ञापन के अंतर्गत दोनों विश्वविद्यालय शैक्षणिक एवं संस्थागत सहयोग को नए आयाम देंगे। इसके तहत विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा अध्यापकों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे अध्ययन, अनुसंधान और ज्ञान-विनिमय के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

दोनों संस्थान संयुक्त रूप से संगोष्ठियों, विचार-गोष्ठियों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे। इसके अतिरिक्त संयुक्त अध्यापन, संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, विद्वत प्रकाशनों, अध्यापकों एवं शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान तथा शोध उपाधि स्तर पर शैक्षणिक सहयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

समझौते के अनुसार दोनों विश्वविद्यालयों के शोधार्थियों को शैक्षणिक एवं पुस्तकालय संसाधनों का उपयोग करने की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही बहुविषयक अनुसंधान, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता प्राप्त संयुक्त परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक उत्कृष्टता, बौद्धिक संवाद और अनुसंधान सहयोग को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story