मानसून की विदाई के बीच हिमाचल में पर्यटकों का सैलाब, मनाली में रात को भारी जाम

WhatsApp Channel Join Now
मानसून की विदाई के बीच हिमाचल में पर्यटकों का सैलाब, मनाली में रात को भारी जाम


मानसून की विदाई के बीच हिमाचल में पर्यटकों का सैलाब, मनाली में रात को भारी जाम


शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मानसून की विदाई के बीच हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में सैलानियों की आमद अचानक बढ़ गई है। गांधी जयंती की छुट्टी के साथ वीकेंड पड़ने और पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहावना रहने के कारण मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे। शुक्रवार रात पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण मनाली और आसपास के मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मनाली प्रवेश द्वार से मॉल रोड, सोलंगनाला और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहन घंटों रेंगते रहे। कई पर्यटक देर रात तक जाम में फंसे रहे और कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में कई घंटे लग गए। प्रशासन को भी इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों के एक साथ पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। राहत की बात है कि शनिवार सुबह मनाली में यातायात सामान्य बना हुआ है।

पर्यटकों की भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिन में चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं। करीब 150 वोल्वो बसों से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे। माल रोड, बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल रही। पर्यटकों ने रोहतांग, सिस्सू, अटल टनल और सोलंगनाला का रुख किया। अटल टनल पार कर लाहौल जाने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी। कई पर्यटक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की उम्मीद लेकर पहुंचे, जबकि कुछ ने प्राकृतिक नजारों और ट्रैकिंग का आनंद लिया। मानसून के दौरान पर्यटन कारोबार में आई सुस्ती के बाद इस भीड़ से कारोबारियों में उत्साह है।

मनाली और शिमला में होटल ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक पहुंची

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर होटल कारोबार पर भी पड़ा है। मनाली और शिमला में होटल ऑक्यूपेंसी बढ़कर करीब 70 फीसदी तक पहुंच गई है। मनाली के कई होटलों में कमरे पूरी तरह भर गए हैं। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि वीकेंड पर मनाली में अच्छी भीड़ जुटी है और पर्यटकों की बढ़ती संख्या से कारोबारियों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि मनाली में विंटर सीजन की शुरुआत हो गई है और आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

शिमला में भी बढ़ी चहल-पहल, शाम को फिर बढ़ सकता है यातायात दबाव

शिमला में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से शहर में चहल-पहल है। होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 फीसदी पहुंचने से पर्यटन कारोबारियों को लंबे समय बाद राहत मिली है। होटलियर एसोसिएशन शिमला के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने शनिवार को ऑक्यूपेंसी और बढ़ने की उम्मीद जताई है। आज हिमाचल से मानसून की विदाई होने की संभावना है। सुबह दोनों पर्यटन शहरों में यातायात सामान्य है, हालांकि शाम के समय मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या फिर बढ़ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759811 Articles

Share this story