जिला परिषद चुनाव प्रचार की कमान संभालते ही मैदान में उतरे इन्द्रदत्त लखनपाल

WhatsApp Channel Join Now
जिला परिषद चुनाव प्रचार की कमान संभालते ही मैदान में उतरे इन्द्रदत्त लखनपाल


हमीरपुर, 21 मई (हि.स.)। भाजपा नेता एवं बड़सर से विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने जिला परिषद चुनावों के प्रचार अभियान की कमान अपने हाथों में संभालते हुए बुधवार को झंझियाणी जिला परिषद वार्ड में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों में जाकर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इन्द्रदत्त लखनपाल ने रैली, घोड़ी धाबीरी और महाराल पंचायतों में व्यापक प्रचार अभियान चलाते हुए जनसभाओं एवं बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनावों से पहले किए गए वादों को पूरा करने के बजाय केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया है।

लखनपाल ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, विकास कार्यों की धीमी गति और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण आम जनता कांग्रेस सरकार से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और आने वाले जिला परिषद और नगर निगम चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत प्रदेश की राजनीति में नया संदेश देगी और यही जनसमर्थन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा। इन्द्रदत्त लखनपाल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरा है और जनता का भरपूर समर्थन पार्टी को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story