भोरंज अस्पताल में लगेगी सीटी स्कैन और अन्य आधुनिक मशीनें : सुरेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
भोरंज अस्पताल में लगेगी सीटी स्कैन और अन्य आधुनिक मशीनें : सुरेश कुमार


हमीरपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को यहां उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रैडक्रॉस की उपमंडलीय और जिला इकाई के पदाधिकारियों, रैडक्रॉस से जुड़े स्थानीय संरक्षकों एवं आजीवन सदस्यों तथा सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि स्थापना के बाद मात्र दो वर्षों में ही रैडक्रॉस की भोरंज उपमंडल इकाई पूरे जिले में नंबर-एक पर पहुंच गई है।

सुरेश कुमार ने बताया कि वह स्वयं भी रैडक्रॉस के आजीवन सदस्य बनें हैं और आने वाले समय में भोरंज में इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लगभग चार वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी गई है। भोरंज अस्पताल के भवन पर करोड़ों की धनराशि खर्च की गई है और यहां पहली बार 6 स्पेशलिस्ट डॉक्टर नियमित रूप से सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस अस्पताल में लोगों को जिला स्तरीय अस्पताल के बराबर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यहां शीघ्र ही सीटी स्कैन की मशीन और सभी प्रकार के अन्य टैस्टों की भी अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। यहां क्रिटिकल केयर यूनिट और अन्य ब्लॉकों के निर्माण के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिससे यहां डॉक्टरों की संख्या 25 तक पहुंच जाएगी।

सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने भोरंज के लिए ड्राईवरों सहित चार एंबुलेंस गाड़ियों की व्यवस्था की है। क्षेत्र के हर गांव एवं बस्ती तक एंबुलेंस रोड बनाए जा रहे हैं। अभी तक दो दर्जन से अधिक एंबुलेंस रोड मंजूर किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़, एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा और सोसाइटी के अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया तथा सोसाइटी की गतिविधियों की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story