शिमला से लापता नाबालिग भाई-बहन राजस्थान में मिले, डांट से छोड़ दिया था घर

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। शिमला से पांच दिन पहले लापता हुए नाबालिग भाई-बहन को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों बच्चे माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से चले गए थे। पहले वे पंजाब में अपने एक मित्र के पास पहुंचे और बाद में राजस्थान के श्रीगंगानगर चले गए। लगातार तकनीकी जांच और कई राज्यों में चलाए गए तलाश अभियान के बाद शिमला पुलिस ने दोनों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचा दिया।

यह मामला शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र का है। 12 जुलाई को बच्चों की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 15 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानव स्रोतों की भी मदद ली गई।

पुलिस ने शिमला आईएसबीटी के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दोनों भाई-बहन बस से चंडीगढ़ जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उनकी संभावित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों में तलाश अभियान चलाया और लगातार तकनीकी निगरानी जारी रखी।

जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट और मानव स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों बच्चों का राजस्थान के श्रीगंगानगर में पता लगा लिया। वहां से उन्हें सुरक्षित अपने साथ शिमला लाया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके माता-पिता के हवाले कर दिया गया।

पुलिस पूछताछ में दोनों बच्चों ने बताया कि वे माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चले गए थे। वे सबसे पहले पंजाब में अपने एक मित्र के पास पहुंचे। इस दौरान मीडिया के माध्यम से उन्हें पता चला कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इसके बाद वे अपने मित्र के एक परिचित की मदद से राजस्थान के श्रीगंगानगर चले गए।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शिमला पुलिस ने लगातार प्रयास, तकनीकी जांच और विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से दोनों नाबालिगों का सुरक्षित पता लगाया। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बच्चों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों को सकुशल घर पहुंचाने में सफलता हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story