पुलिस ने दो लापता किशोरों को डेढ़ घण्टे में सुरक्षित किया बरामद

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 22 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। रविवार सुबह छाजपूर से घर से निकले दोनों बच्चे कुछ ही घंटों में पुलिस की सतर्कता के चलते मिल गए, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार रविवार की सुबह पुलिस चौकी सरस्वती नगर को सूचना मिली कि छाजपूर से 15-15 वर्ष उम्र के दो नेपाली बच्चे सुबह सामान लाने का बहाना करके घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों को शक हुआ कि दोनों बच्चे घर से कहीं चले गए हैं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस चेक पोस्ट खड़ापत्थर की टीम को परिजनों के साथ रवाना किया गया, जबकि प्रभारी थाना भी पुलिस टीम के साथ इलाके में खोज के लिए निकल पड़े। साथ ही प्रभारी थाना कोटखाई और प्रभारी थाना ठियोग से संपर्क कर दोनों बच्चों की तस्वीरें साझा की गईं। पुलिस ने नाकाबंदी कर सभी गुजरने वाले वाहनों की जांच के निर्देश भी जारी किए।

इस समन्वित कार्रवाई का परिणाम जल्दी ही सामने आ गया। साइबर सेल शिमला की मदद से मिली सूचना के आधार पर थाना ठियोग के प्रभारी ने करीब डेढ़ घंटे के भीतर ठियोग के पास एक बस में यात्रा कर रहे दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि समय पर मिली सूचना और विभिन्न पुलिस टीमों के तालमेल से बच्चों को जल्द ढूंढना संभव हो पाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story