शिमला से लापता किशोरी मंडी के बल्ह से सुरक्षित बरामद

WhatsApp Channel Join Now
शिमला से लापता किशोरी मंडी के बल्ह से सुरक्षित बरामद


शिमला से लापता किशोरी मंडी के बल्ह से सुरक्षित बरामद


शिमला, 03 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार बालिका मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र से मिली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ननखड़ी थाना में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि एक नाबालिग बालिका घर से लापता हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक मामला दर्ज किया। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ननखड़ी में 1 जून 2026 को धारा 137(2) बीएनएसएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बालिका की तलाश के लिए व्यापक खोज अभियान चलाया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों का सहारा लिया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और लगातार सूचनाएं एकत्र कीं।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने नाबालिग बालिका को जिला मंडी की बल्ह तहसील के निहारी क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि बालिका पूरी तरह सुरक्षित है और उसके साथ किसी तरह की अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं मिली है।

अन्वेषण में यह भी सामने आया कि बालिका अपने माता-पिता को बिना बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने बरामदगी के बाद उससे पूछताछ की और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

पुलिस के अनुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नाबालिग को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। परिवार ने भी बालिका के सुरक्षित मिलने पर राहत जताई है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई करना प्राथमिकता होती है, जिससे लापता बच्चों और उनके परिवारों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बच्चों और महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story