जुब्बल से लापता नाबालिग लड़की उत्तराखंड से सकुशल बरामद

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 20 मई (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने उत्तराखंड के देहरादून जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक लड़की घर से घूमने-फिरने के उद्देश्य से निकली थी। छह दिन तक लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने उसे त्यूनी क्षेत्र से ट्रेस किया।

इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में 13 मई धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। नाबालिग लड़की के गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया और तुरंत जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य उपलब्ध माध्यमों की मदद से लगातार लड़की की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया। पुलिस की जांच में सामने आया कि लड़की अपनी मर्जी से घर से निकली थी और घूमने के लिए उत्तराखंड पहुंच गई थी।

लगातार तलाश के बाद 19 मई को पुलिस टीम ने लड़की को त्यूनी, जिला देहरादून, उत्तराखंड से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों से जुड़े मामलों में त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि ऐसे मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story