आठ अगस्त की सुबह से लापता सप्रेई के हेतराम का नहीं लगा कोई सुराग

WhatsApp Channel Join Now
आठ अगस्त की सुबह से लापता सप्रेई के हेतराम का नहीं लगा कोई सुराग


मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के इलाका बदार में पंडोह के साथ लगते ब्यास नदी के उस पार बसे गांव सप्रेई निवासी 49 वर्षीय हेतराम पुत्र आलम राम का कोई सुराग नहीं मिला है। हेतराम आठ अगस्त सुबह रोज की तरह अपनी भेड़ बकरियों के लिए घास लाने घर से निकला था। मगर उसके बाद वापस नहीं आया। कई जगह तलाश करने के बाद परिजनों ने पंडोह पुलिस चौकी में उसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी। वहीं अपने स्तर पर भी जगह जगह तलाश की जा रही है, मगर फिर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

हेतराम के भाई संजय कुमार ने बताया कि हेतराम रोजाना की तरह आठ अगस्त को भी सुबह छह बजे घर से निकला था। वह अक्सर सुबह के समय बकरियों के लिए घास लाने जाता था। उस दिन यह नहीं बताया कि किस काम से जा रहा है। उसके बाद वह वापस नहीं आया। जब भी वह काम से निकलता था तो दिन के समय वापस आ जाता था मगर उस दिन नहीं आया। गांव के साथ ही दरिया ब्यास भी बहता है ऐसे कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। इसी के मद्देनजर परिजन सप्रेई से मंडी होते हुए कांडा पतन तक नदी किनारे देख आए हैं, मगर कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस चौकी में भी इस बारे में सूचना दे दी है। घर में पत्नी, बेटा-बेटी, बहू व अन्य लोग हैं। जो उनके इस तरह से लापता हो जाने से बेहद परेशानी में है। हेतराम का पूरा परिवार व गांव के लोग उसकी तलाश में जुटे हैं।

लोगों ने प्रशासन व पुलिस से भी आग्रह किया है कि हेतराम की तलाश में उनकी मदद की जाए। परिजनों ने गुहार लगाई है कि सीसीटीवी व अन्य माध्यमों का सहारा लेकर हेत राम का पता लगाया जाए। क्योंकि पांच दिन से परिजन अत्यधिक परेशानी में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story