राजनीतिक सत्ता की लालसा के कारण हुई मीरपुर त्रासदीः राज्यपाल गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविंन्द्र गुप्ता ने वर्ष 1947 में हुई मीरपुर त्रासदी और उसके बाद बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन के लिए उस समय के राजनीतिक नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और सत्ता प्राप्त करने की लालसा ने ऐसे गहरे घाव दिए जिनका दर्द आज भी विस्थापित परिवारों की कई पीढ़ियां झेल रही हैं।

राज्यपाल चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में मीरपुर (पीओजेके) वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित 80वें मीरपुर फॉल डे स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कविंन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत के विभाजन से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि किस प्रकार कुछ नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं राष्ट्रीय हितों और मानवीय जीवन से अधिक महत्वपूर्ण हो गई थीं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक सत्ता के लिए देश और उसके लोगों को बांट दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप अनगिनत निर्दोष परिवारों को अपने पैतृक घर छोड़ने पड़े और अत्यंत कठिन परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन शुरू करना पड़ा।

राज्यपाल ने कहा कि यदि उस समय के नेतृत्व ने अधिक राजनीतिक दूरदर्शिता दिखाई होती, समय रहते हस्तक्षेप किया होता और निर्दोष नागरिकों के जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई होती तो मीरपुर की इस त्रासदी को टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक फैसलों का परिणाम कभी भी राष्ट्रीय एकता और मानवीय गरिमा की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक वास्तविकताओं से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए गुप्ता ने कहा कि इतिहास के दर्दनाक अध्यायों को याद करने का उद्देश्य कटुता को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि अतीत से सार्थक सबक लेकर यह सुनिश्चित करना है कि ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास के प्रति जागरूक रहता है, वह अपनी पहचान, एकता और भविष्य की बेहतर सुरक्षा कर सकता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) और छंब क्षेत्र के विस्थापित परिवारों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत स्वीकृत 2,000 करोड़ रुपये के पुनर्वास पैकेज का उल्लेख किया। इसके अंतर्गत 36,384 पात्र विस्थापित परिवारों को प्रति परिवार 5.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता राशि वितरित करने की व्यवस्था सरकार की पारदर्शिता और प्रभावी लाभ वितरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story