हिमाचल में 2,216 दवाइयों के सैंपल फेल, स्वास्थ्य मंत्री दें इस्तीफा : शैलेन्द्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now


सोलन, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में निर्मित दवाइयों के लगातार गुणवत्ता परीक्षण में विफल होने पर भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कांग्रेस सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे सरकारी तंत्र की नाकामी करार देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार कर तत्काल पद से इस्तीफा देने की मांग की है।

शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्र हिमाचल प्रदेश की पहचान हैं। प्रदेश ने फार्मा उद्योग के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशेष पहचान बनाई है, लेकिन लगातार दवाइयों के सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में फेल होने की खबरों से प्रदेश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। इससे ईमानदारी से काम करने वाले दवा निर्माताओं की साख पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में हिमाचल प्रदेश में निर्मित 2,216 दवाइयों के सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में फेल हुए हैं। यह आंकड़ा प्रदेश की दवा गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

गुप्ता ने कहा कि 26 नवंबर को सामने आए अक्तूबर माह के ड्रग अलर्ट के अनुसार, देशभर में 324 दवाइयों के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिनमें हिमाचल प्रदेश में निर्मित 91 दवाइयां शामिल हैं। इनमें अकेले सोलन जिले की 65 दवाइयों के सैंपल फेल होना बेहद चिंताजनक है। इसके अतिरिक्त, 27 नवंबर को प्रकाशित रिपोर्ट में भी 16 अन्य सैंपलों में गुणवत्ता संबंधी खामियों की जानकारी सामने आई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में दवाइयों के सैंपल लगातार फेल हो रहे हैं, तो स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था आखिर क्या कर रही है? दवा निर्माण और गुणवत्ता नियंत्रण पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मरीज अपनी बीमारी के उपचार के लिए दवाइयों पर भरोसा करते हैं। यदि वही दवाइयां निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरतीं, तो मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में प्रदेश की जनता अपनी सेहत और इलाज के लिए किस पर भरोसा करे तथा मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story