आनी सड़क हादसा : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आईजीएमसी में घायलों का जाना हाल

WhatsApp Channel Join Now
आनी सड़क हादसा : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आईजीएमसी में घायलों का जाना हाल


शिमला, 03 मई (हि.स.)। कुल्लू जिला के आनी क्षेत्र में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को शिमला स्थित इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी) पहुंचकर घायल शिक्षकों का कुशल-क्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती शिक्षकों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और उनके इलाज की स्थिति के बारे में डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली।

शिक्षा मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों को किसी भी तरह की कमी के बिना बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी तरह से घायलों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है और इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

रोहित ठाकुर ने इस हादसे में चार शिक्षकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत शिक्षिकाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और शिक्षा विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग मृतकों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

बता दें कि ये हादसा तब हुआ, जब आनी उपमंडल में शिक्षिकाएं स्कूल से छुट्टी के उपरांत एक जीप में सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आधे सफर में शमशर-गुगरा सड़क पर आंधी के कारण पहाड़ी से विशालकाय पेड़ उखड़कर चलती जीप पर जा गिरा और जीप खाई में गिर गई। हादसे में चार शिक्षिकाओं की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 3 घायल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story