शिमला से लापता तीन नाबालिग छात्र हरियाणा के पिंजौर में सकुशल मिले

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग से लापता हुए तीन नाबालिग छात्रों को पुलिस ने आठ घंटे के भीतर हरियाणा के पिंजौर से सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों छात्र अपने परिजनों को बिना बताए घूमने के लिए घर से निकले थे। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित तलाशने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार तीनों छात्र 15 नवंबर को शाम करीब छह बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तीनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर एक अभिभावक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके आधार पर 16 नवंबर को पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत एफआईआर संख्या 174/26 दर्ज की गई।

तीनों छात्र ठियोग क्षेत्र के रहने वाले हैं और अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई करते हैं। उनकी उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है। पुलिस को उनके एक साथ लापता होने की सूचना मिलने के बाद तलाश के प्रयास तेज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए ठियोग पुलिस की टीम ने त्वरित जांच शुरू की और अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाई।

पुलिस के समन्वित प्रयासों से तीनों छात्रों का पता हरियाणा के पिंजौर क्षेत्र में लगा। उन्हें गांव घाटीवाला (बिटना) बाईपास पर शिवलोत्री मंदिर के समीप टिपरा से सकुशल बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक लापता होने की सूचना मिलने के बाद करीब आठ घंटे के भीतर तीनों बच्चों को तलाश लिया गया। बरामदगी के बाद जांच में पता चला कि वे अपने परिजनों को बताए बिना घूमने के लिए घर से निकले थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story