अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नागरिक वरिष्ठ केंद्र हमीरपुर में वरिष्ठजनों से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नागरिक वरिष्ठ केंद्र हमीरपुर में वरिष्ठजनों से किया संवाद


हमीरपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत हमीरपुर द्वारा नागरिक वरिष्ठ केंद्र, हमीरपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सामाजिक जुड़ाव की भावना को बढ़ावा देना तथा युवाओं और वरिष्ठजनों के बीच संवाद को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी दीपमाला की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत की टीम एवं युवाओं ने नागरिक वरिष्ठ केंद्र में उपस्थित वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव, विचार और सुझाव साझा किए। युवाओं ने उनके अनुभवों को रुचि के साथ सुना और उनसे जीवन में आगे बढ़ने, समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें सीखीं।

जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन के लंबे अनुभवों के माध्यम से परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के साथ संवाद केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज में उनके सम्मान, सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए जागरूक करना है। वरिष्ठजनों के साथ समय बिताने और उनके अनुभवों को सुनने से युवाओं में संवेदनशीलता, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जरूरत का सामान भी वितरित किया गया। सामान प्राप्त करने पर वरिष्ठजनों ने मेरा युवा भारत की इस पहल की सराहना की और युवाओं द्वारा उनके साथ समय बिताने तथा उनकी बातें सुनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story