प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए पहले तैयार होगी मानक संचालन प्रक्रिया : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए पहले तैयार होगी मानक संचालन प्रक्रिया : मुख्यमंत्री


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए गठित आयोग को सबसे पहले मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में प्रदेश की जनसांख्यिकी, भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री आज प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए गठित आयोग की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में आयोग के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने आयोग को इस महत्वपूर्ण विषय पर आम जनता और जिला प्रशासन से सुझाव प्राप्त करने के निर्देश भी दिए, ताकि पुनर्गठन की प्रक्रिया को व्यावहारिक और जनहितकारी बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को आयोग के सुचारू कार्य संचालन के लिए हर संभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग को अपने कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

बैठक में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, सदस्य विशाल पंवर एवं राजेश शर्मा, विशेष सचिव सामान्य प्रशासन विभाग हरबंस सिंह ब्रसकोन तथा निदेशक भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त तोरुल एस. रवीश उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story