मंडी जिला प्रशासन ने दिए बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंडी जिला प्रशासन ने दिए बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश


मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला प्रशासन आगामी सर्दियों के मौसम में संभावित बर्फबारी, शीतलहर और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डीडीएमए अपूर्व देवगन ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक प्रबंध पूरे करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि सर्दियों के दौरान जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और शीतलहर की संभावना रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की सुचारू व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक विभाग आपदा प्रबंधन के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे और उसका संपर्क नंबर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ साझा करे, ताकि आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके। मौसम से संबंधित रेड और येलो अलर्ट की जानकारी डीडीएमए की औट, सुंदरनगर तथा मंडी में स्थित स्क्रीन पर भी साझा करें, ताकि पर्यटकों व आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।

जिला के अधिक बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में 84 उचित मूल्य की दुकानों को चिन्हित किया गया है तथा वहां पर्याप्त राशन का अग्रिम भंडारण किया गया है।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को इन क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाइयों सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के अलर्ट के दौरान संबंधित क्षेत्र का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story