नगर निगम चुनाव : कांग्रेस की बागियों को चुनाव से हटने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव : कांग्रेस की बागियों को चुनाव से हटने की चेतावनी


शिमला, 04 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में होने वाले चुनाव में कांग्रेस ने बागी नेताओं को चुनाव मैदान से हटने की चेतावनी दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने चार नगर निगम चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बतौर निर्दलीय मैदान में उतरे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव समिति के फैसले का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी ऐसे नेता और कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव मैदान से हट जाएं, अन्यथा पार्टी नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विनय कुमार ने सोमवार को शिमला में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में संगठन सर्वोपरि होता है और उसके फैसलों का पालन करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग पार्टी के निर्णय के खिलाफ काम करेंगे, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम, पंचायती राज संस्थाओं और अन्य नगर निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी मुख्यालय में बनाए गए चुनाव वॉर रूम से पूरी चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है और समय-समय पर इसकी रिपोर्ट ली जा रही है।

बता दें कि 6 मई को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि है, उसी दिन यह साफ हो जाएगा कि कितने निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने रहते हैं। प्रदेश के चार नगर निगम सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी में 17 मई को मतदान होगा, जबकि 31 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story