प्रदेश की तीन नगर निगमों में जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश : बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश की तीन नगर निगमों में जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश : बिंदल


शिमला, 31 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया है कि नगर निगम, नगर निकाय और पंचायत चुनावों के नतीजों ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा की जीत इस बात का संकेत है कि राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदल रही है और जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है।

रविवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में बिंदल ने कहा कि हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि 25 नगर परिषदों में से 18 और 22 नगर पंचायतों में से 12 में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बढ़त हासिल की। उनके अनुसार कांग्रेस ने कई स्थानों पर अधिकृत उम्मीदवार तक घोषित नहीं किए थे, ऐसे में कांग्रेस की जीत के दावों का कोई आधार नहीं है।

नगर निगम चुनावों का हवाला देते हुए बिंदल ने कहा कि भाजपा ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में स्पष्ट बढ़त हासिल की है। उनके मुताबिक मंडी नगर निगम की 14 में से 12 सीटों, धर्मशाला की 17 में से 11 सीटों और सोलन की 17 में से 10 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि पालमपुर में कांग्रेस को बढ़त मिली है, लेकिन वहां भी भाजपा का प्रदर्शन पिछले चुनावों की तुलना में बेहतर रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चार में से तीन नगर निगमों में मिली सफलता प्रदेश की राजनीति में बदलाव के संकेत दे रही है। उन्होंने इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाला जनादेश बताया।

बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर नगर निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संबंधी नियमों में बदलाव कर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को न्यायालय और जनता दोनों के बीच उठाएगी।

पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 3,759 पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में जीत दर्ज की है। उनके अनुसार लगभग 2,780 प्रधान और 2,930 उपप्रधान पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं।

बिंदल ने कहा कि बेरोजगारी, कर्मचारियों के मुद्दों, कानून-व्यवस्था और अधूरे वादों को लेकर जनता में नाराजगी है। उनका दावा है कि स्थानीय निकायों और पंचायतों के चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के रुख को दर्शाते हैं। हालांकि कांग्रेस सरकार इन दावों से सहमत नहीं है और चुनाव नतीजों को अपने पक्ष में बता रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story